श्री हनुमान चालीसा जी - सम्पूर्ण सरल व्याख्या

जय श्री राम
श्री हनुमान चालीसा जी "प्रभु श्री हनुमानजी" की महिमा का अद्भुत स्तुति ग्रंथ है, जिसे गोस्वामी श्री तुलसीदासजी ने रचा है। इसमें 40 चौपाइयाँ एवं 03 दोहे हैं, जिनमें प्रभु श्री हनुमान जी की भक्ति, बल, बुद्धि और सेवा भाव का सुंदर वर्णन किया गया है।

श्री हनुमान चालीसा जी का पाठ करने से मन में साहस, आत्मविश्वास और शांति का अनुभव होता है। यह हमें सिखाती है कि सच्ची भक्ति, निःस्वार्थ सेवा और प्रभु के प्रति प्रेम से जीवन में आने वाली कठिनाइयों को भी आसानी से पार किया जा सकता है। यदि हम इसके अर्थ को समझकर इसका पाठ करें, तो यह हमारे जीवन को भक्ति, सकारात्मकता और शक्ति से भर देता है।

इस वेबसाइट पर श्री हनुमान चालीसा जी की हर चौपाई को बहुत ही आसान भाषा में समझाया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति इसे बिना कठिनाई के समझ सके। यहाँ आपको हर चौपाई का सरल अर्थ, गुढ़ अर्थ, आध्यात्मिक भाव और उसका महत्व सीधे और सरल शब्दों में मिलेगा। हमारा प्रयास है कि आप श्री हनुमान चालीसा जी को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि उसे अच्छी तरह समझ भी सकें।

सभी चौपाइयों को क्रम से और विस्तार से समझाया गया है, ताकि आपको पूरी श्री हनुमान चालीसा जी का अर्थ धीरे-धीरे और स्पष्ट रूप से समझ में आए। अगर आप श्री हनुमान चालीसा जी को आसान और सही अर्थ में समझना चाहते हैं, तो यह वेबसाइट आपके लिए बहुत उपयोगी है।

संपर्क सूत्र - dt.devotion[@]gmail.com

आलेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए शीर्षक पर क्लिक करेंः

अगली चौपाईः रविवार, 29 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

चौपाई १५ः जम कुबेर दिगपाल जहाँ ते

जम कुबेर दिगपाल जहाँ ते ।
कबि कोबिद कहि सके कहाँ ते ॥१५॥

शब्दार्थः जम = यमराज (मृत्यु के देवता)। कुबेर = धन के देवता । दिगपाल = सभी दिशाओं के रक्षक या पालक देवता । जहाँ ते = जहाँ तक। कोबिद = प्रकांड विद्वान।

अर्थः यमराज, कुबेर आदि सभी दिशाओं के रक्षक, कवि, विद्वान कोई भी आपके यश का पूर्णतः वर्णन नहीं कर सकते।

गूढ़ अर्थः यह चौपाई पिछली चौपाई के ही भाव को आगे बढ़ाती है, जिसमें हमने देखा कि समस्त ऋषिगण, मुनिगण, श्री सनकादिक, प्रभु श्री ब्रह्माजी, श्री नारदजी, भगवती सरस्वतीजी, श्री शेषनागजी आदि सभी प्रभु श्री हनुमानजी की महिमा का गान करते हैं। उसी क्रम में गोस्वामी श्री तुलसीदासजी आगे लिखते है कि यम, कुबेर आदि समस्त दिक्पाल भी आपका यशगान करते हैं।

चौपाई के क्रमानुसार सभी का संक्षिप्त परिचय एवं वे प्रभु श्री हनुमानजी की महिमा का गान क्यों करते हैं, वह इस प्रकार है –

जमः जम अर्थात् श्री यमराज, मृत्यु के देवता एवं दक्षिण दिशा के स्वामी हैं। आप श्री विश्वकर्मा की कन्या भगवती संज्ञा एवं श्री सूर्यदेव के पुत्र हैं। भगवती यमुनाजी आपकी बहन हैं एवं श्री शनिदेव, वैवस्वत मनु, अश्विनी कुमार, रेवंत, एवं कर्ण आपके भाई हैं। वैदिक काल में आपको मृत्यु का देवता नहीं माना जाता था, बल्कि आप पितरों के अधिपति एवं मरने वाले को आश्रय देने वाले माने जाते थे। पर बाद में श्री यमराज ही प्राणियों को मारने वाले माने जाने लगे।

श्री यमराज का लोक यमलोक है। मृत्यु के समय आपके ही दूत ‘यमदूत’ शरीर से प्राण निकालने के लिए आते हैं एवं मनुष्य की आत्मा को लेकर श्री यमराज के पास लेकर जाते हैं। जहां श्री चित्रगुप्तजी उसके पाप-पुण्य का हिसाब पढ़कर सुनाते हैं तथा कर्मानुसार उस प्राणी को स्वर्ग या नर्क आदि में भेजते हैं। न्याय के देवता होने के कारण आप धर्मराज नाम से भी जाने जाते हैं। आपका वाहन महिष अर्थात भैंसा है। दण्ड एवं पाश आपके आयुध हैं। दण्ड पापियों को दण्ड देने के काम आता है तथा पाश उन्हें बांधने के।

स्मृतियों एवं शास्त्रों में श्री यमराज के चौदह नामों का वर्णन मिलता है। श्री मत्स्य पुराण के अध्याय 102, श्लोक 20–21 के अनुसार –

यमाय धर्मराजाय मृत्यवे चान्तकाय च ।
वैवस्वताय कालाय सर्वभूतक्षयाय च ॥
औदुम्बराय दध्नाय नीलाय परमेष्ठिने ।
वृकोदराय चित्राय चित्रगुप्ताय वै नमः ॥

अर्थात मैं यम, धर्मराज, मृत्यु, अन्तक, वैवस्वत, काल, सर्वभूतक्षय, औदुम्बर, दध्न, नील, परमेष्ठी, वकोदर, चित्र और चित्रगुप्त को नमस्कार करता हूँ|

प्रभु श्री हनुमानजी चिरंजीवी हैं अर्थात श्री यमराज की सीमा से बाहर हैं। जब श्री लक्ष्मणजी को शक्ति लगी थी तब प्रभु श्री हनुमानजी ने संजीवनी लाने से पहले मृत्यु को भी मार डालने का बल जताया था, यथा – “पटकौं मींच नीच मूषक-ज्यौं, सबहिको पापु बहावौं” अर्थात आप कहें तो मृत्यु को चूहे के समान पटक कर मार दूं जिससे मृत्यु का भय ही न रहे। श्री यमराज कर्मों का फल देते हैं लेकिन प्रभु श्री हनुमानजी भक्ति के बल पर कर्मफल को ही बदल देते हैं।

रावण ने अपने महल में एक द्वार बनवाया था, जहाँ जाकर श्री यमराज भी उसके आतंक से ग्रस्त हो जाते थे। प्रभु श्री हनुमानजी ने उस द्वार को ही तोड़ दिया था। श्री हनुमानबाहुक में वर्णन आता है –

तोरि जमकातरि मंदोदरी कढ़ोरि आनी, रावन की रानी मेघनाद महँतारी है।
भीर बाँह पीर की निपट राखी महाबीर, कौन के सकोच तुलसी के सोच भारी है॥

जिस काल के अधीन संसार दिखाई देता है, प्रभु श्री रामजी उस काल से भी परे हैं और प्रभु श्री हनुमानजी उन्हीं प्रभु श्री रामजी के सेवक हैं। इसलिए प्रभु श्री हनुमानजी के बल, प्रताप एवं भक्ति को याद करके श्री यमराज उनका यशगान करते हैं।

कुबेरः श्री कुबेर संसार के संपूर्ण धन के स्वामी हैं। पूरे ब्रह्मांड में जहाँ भी जितना भी धन है, उसके स्वामी श्री कुबेर हैं । आपके भंडार से चाहे जितना धन निकलता जाए, ये कभी खाली नहीं होता। आप उत्तर दिशा के अधिपति, श्री इन्द्रदेव की नौ निधियों के भंडारी, यक्षों के राजा, महर्षि विश्रवा के पुत्र तथा रावण, कुंभकरण एवं विभीषण के सौतेले भाई हैं।

शास्त्रों में श्री कुबेर को प्रभु श्री शिवजी का भक्त, प्रिय और मित्र माना गया है। रावण भी शिवभक्त है। रावण ने प्रभु श्री शिवजी से वरदान स्वरूप महान शक्तियां प्राप्त की थी। श्री कुबेर को प्रभु श्री ब्रह्माजी ने श्री यम, श्री इन्द्र एवं श्री वरुण के समान चौथा लोकपाल बनाया और निधियों का स्वामी बनाया एवं पुष्पक विमान भी दिया था। 

रावण से पहले श्री कुबेर ही लंका के अधिपति थे और उनके एक करोड़ यक्ष लंका की रक्षा करते थे, लेकिन रावण ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके आपसे लंका को छीन लिया। तब से श्री कुबेर लंका छोड़कर श्री कैलाश पर्वत पर चले गए एवं अलकापुरी बनवाकर वहाँ रहने लगे। रावण ने वहाँ भी धावा बोलकर आपसे आपका प्रिय पुष्पक विमान भी छीन लिया। श्रीरामचरितमानसजी के बालकाण्ड में वर्णन आता है -

एक बार कुबेर पर धावा।
पुष्पक जान जीति लै आवा॥
कौतुकहीं कैलास पुनि लीन्हेसि जाइ उठाइ।
मनहुँ तौलि निज बाहुबल चला बहुत सुख पाइ॥

फिर रावण ने जाकर खेल ही में श्री कैलाश पर्वत को उठा लिया और मानो अपनी भुजाओं का बल तौलकर, बहुत सुख पाकर वह वहाँ से चला आया। प्रभु श्री शिवजी से जुड़े होते हुए भी दोनों के जीवन की दिशा अलग हो गई। रावण त्रैलोक्य विजय की ओर बढ़ चला। लेकिन श्री कुबेर ने धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा।

प्रभु श्री हनुमानजी ‘रुद्रावतार’ हैं, फिर भी रावण उन्हें पहचान न पाया और उनकी पूँछ में आग लगा दी लेकिन प्रभु श्री हनुमानजी ने अधर्म से छीनी हुई लंका को उसी अग्नि में दहन कर दिया। जिस रावण से श्री कुबेर पार न पा सकें उस रावण को लंका में जाकर प्रभु श्री हनुमानजी ने अकेले ही उसकी सत्ता को चुनौती दी।

प्रभु श्री शिवजी से प्राप्त शक्तियों के दुरुपयोग का ‘रुद्रावतार’ ने दहन करके श्री कुबेर को न्याय प्रदान किया, इसलिए श्री कुबेर भी प्रभु श्री हनुमानजी का यशगान करते हैं। साथ ही एक शिवभक्त होने के नाते भी ‘रुद्रावतार’ का यशगान स्वाभाविक ही है।

दिगपालः दिक् अर्थात् दिशा व पाल अर्थात् उसका पालक अथवा स्वामी। प्रत्येक दिशा का एक स्वामी होता है और उसे दिक्पाल कहते हैं। शास्त्रों के अनुसार दस प्रमुख दिशाएँ एवं उनके दिक्पाल इस प्रकार हैं - पूर्व के इंद्र, पश्चिम के वरुण, उत्तर के कुबेर, दक्षिण के यम, ईशान (उत्तर-पूर्व) के शिव, आग्नेय (दक्षिण-पूर्व) के अग्नि, नैऋत्य (दक्षिण-पश्चिम) के नऋति, वायव्य (उत्तर-पश्चिम) के वायु, उर्ध्व (ऊपर) के ब्रह्मा और अधो (नीचे) के अनंत। अमरकोश के इस श्लोक में भी इनका वर्णन आता हैं – 

इन्द्रो वह्निः पितृपतिर्नैर्ऋतो वरुणो मरुत्। कुबेर ईशः पतयः पूर्वादीनां दिशां क्रमात्॥

रावण के अत्याचारों से समस्त दिक्पाल भी त्रस्त थे। जब प्रभु श्री रामजी वानर सेना समेत सेतुबंधन कर समुद्र पार करके लंका आ जाते हैं, तब भगवती मंदोदरी रावण को समझाने का प्रयास करती हैं। रावण उन्हें भयभीत देख अपनी प्रभुता का बखान करते हुए कहता है –

बरुन कुबेर पवन जम काला। भुज बल जितेउँ सकल दिगपाला॥
देव दनुज नर सब बस मोरें। कवन हेतु उपजा भय तोरें॥

अर्थात वरुण, कुबेर, पवन, यमराज, काल आदि सभी दिक्पालों को मैंने अपनी भुजाओं के बल से जीत रखा है। देवता, दानव और मनुष्य सभी मेरे वश में हैं। मेरे भय से काल भी मेरे समीप नहीं आ सकता। फिर तुम क्यों भयभीत होती हो।

यहाँ एक शंका मन में आ सकती है कि जब रावण ने काल को भी जीत लिया था तो फिर उसकी मृत्यु कैसे हुई? क्योंकि काल तो समस्त दिक्पालों समेत संपूर्ण ब्रह्मांड का भी भक्षण कर सकता है। इसका समाधान यह है कि काल दो प्रकार के होते हैं – एक नश्वर और एक शाश्वत। रावण ने जिस काल को जीता था वह एक दिक्पाल था, वह नश्वर काल था।

शाश्वत काल तो स्वयं प्रभु हैं। प्रभु श्री हनुमानजी ने रावण को प्रभु का वास्तविक परिचय देते हुए कहा था कि – “तात राम नहिं नर भूपाला। भुवनेस्वर कालहु कर काला॥ ब्रह्म अनामय अज भगवंता। ब्यापक अजित अनादि अनंता॥” अर्थात हे तात! राम मनुष्यों के ही राजा नहीं हैं। वे समस्त लोकों के स्वामी और काल के भी काल हैं। इसलिए रावण को नश्वर काल ने नहीं बल्कि ‘प्रभु’ जो कालों के भी काल (शाश्वत काल) हैं, उन्होंने मारा।

जब श्री अंगद प्रभु श्री रामजी के दूत बनकर रावण की सभा में जाते हैं, तब रावण अपने बल का घमंड दिखाते हुए उनसे कहता है –

भुज बिक्रम जानहिं दिगपाला। सठ अजहूँ जिन्ह कें उर साला॥
अर्थात दिक्पाल भी उसकी शक्ति से भली-भांति परिचित हैं और उनके हृदय में आज भी उसका भय व्याप्त है।

दिगपालन्ह मैं नीर भरावा। भूप सुजस खल मोहि सुनावा॥
अर्थात मैंने दिक्पालों तक से जल भरवाया है अर्थात उन्हें अपने अधीन किया है और तू एक राजा का सुयश मुझे सुनाता है।

उपरोक्त प्रसंगों से यह स्पष्ट है कि जम, कुबेर समेत समस्त दिक्पाल रावण से त्रस्त थे, इसलिए वे प्रभु श्री हनुमानजी का प्रताप देखकर उनका यशगान करते हैं।

कबि कोबिदः सामान्य अर्थ में देखा जाए तो ‘कबि’ काव्य करने वाले को एवं ‘कोबिद’ पण्डित या विद्वान को कहते हैं। लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से देखा जाए तो प्रभु श्री महादेवजी भगवती पार्वती माता से कहते हैं कि—

नीति निपुन सोइ परम सयाना। श्रुति सिद्धांत नीक तेहिं जाना॥
सोइ कबि कोबिद सोइ रनधीरा। जो छल छाड़ि भजइ रघुबीरा॥

अर्थात् जो छल छोड़कर श्रीरघुबीर का भजन करता है, वही कवि है, वही कोविद है तथा वही रणधीर है। वही नीति में निपुण है, वही परम बुद्धिमान है। उसी ने वेदों के सिद्धांत को भली-भाँति जाना है।

आध्यात्मिक दृष्टि से इसे इस प्रकार भी समझा जा सकता है कि कवि-कोविद जाने-अनजाने में कुछ भी वर्णन करते समय वाणी का स्मरण जरूर करते हैं। स्मरण करने पर वाणी अपनी चार अवस्थाओं से होते हुए प्रकट होती है। वाणी से किसी सांसारिक जीव का महिमामंडन करना वाणी को दुःख देने के समान है। भक्ति की दृष्टि से वाणी की सर्वोत्तम सार्थकता श्री हरियशगान में है। अतः वाणी को दुःख देने वाला कवि-कोविद पद के योग्य नहीं।

कबि कोबिद अस हृदयँ बिचारी। गावहिं हरि जस कलि मल हारी॥

अर्थात् यही विचार कर कवि-कोविद प्रभु के यश का गान करते हैं। प्रभु श्री हनुमानजी के यश में ही प्रभु श्री रामजी का यश है, इसी का विचार कर वे भी प्रभु श्री हनुमानजी का यशगान करते हैं।

पिछली दो चौपाइयों को क्रम से जोड़ा जाए तो संयुक्त रूप से मूल अर्थ प्राप्त होता है। श्री सनकादिक, श्री ब्रह्मादि, मुनिगण, देवर्षि नारदजी, भगवती सरस्वती माता, श्री शेषनागजी, श्री यमराजजी, श्री कुबेरजी समेत समस्त दिक्पाल प्रभु श्री हनुमानजी का यशगान करते हैं, परंतु फिर भी उनके यश का अंत नहीं पाते। ये सभी अपने-अपने क्षेत्र में असाधारण सामर्थ्य और महिमा से संपन्न हैं एवं इनके पास ज्ञान, शक्ति, वाणी और वर्णन करने की क्षमता है, फिर भी वे प्रभु श्री हनुमानजी के गुणों का पूरा वर्णन नहीं कर पाते। तो फिर कवि और विद्वान कहाँ तक कह पाएँगे?

यहाँ बात किसी की अयोग्यता की नहीं, वरन् प्रभु श्री हनुमानजी के अनंत गुणों की हो रही है, क्योंकि प्रभु श्री हनुमानजी ‘सकलगुणनिधानं’ हैं। प्रभु श्री हनुमानजी की महिमा इतनी अनंत है कि कोई भी उसका पूरा वर्णन नहीं कर सकता। प्रभु श्री हनुमानजी की महिमा अनिर्वचनीय है, जहाँ वाणी भी मौन हो जाती है। मौन ही वाणी का सर्वोत्तम रूप है।

यही कारण है कि गोस्वामी श्री तुलसीदासजी कहते हैं—
“कबि कोबिद कहि सके कहाँ ते॥”
अर्थात् कवि और विद्वान भी प्रभु श्री हनुमानजी की अनंत महिमा को कहाँ तक और कितना कह सकते हैं?