प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहीं ।
जलधि लाँघि गये अचरज नाहीं ॥१९॥
शब्दार्थः मुद्रिका = अँगूठी, मुँदरी। मेलि = रखकर। जलधि = सागर, समुद्र। लाँघि = पार करना। अचरज = आश्चर्य।
अर्थः आपने प्रभु श्री रामजी की अँगूठी मुँह में रखकर समुद्र को लाँघ लिया इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है।
गूढ़ अर्थः गोस्वामी श्री तुलसीदासजी ने पिछली चौपाई से प्रभु श्री हनुमानजी की क्षमताओं का वर्णन प्रारंभ किया था। यह चौपाई पिछली चौपाई से ही जुड़ी हुई है जिसके अन्तर्गत गोस्वामीजी कहते हैं कि जब प्रभु श्री हनुमानजी ने हजारों योजन की दूरी पर स्थित श्री सूर्यनारायण को मीठा फल समझकर निगल लिया था तो उनके लिए प्रभु की मुद्रिका मुख में रखकर मात्र सौ योजन के समुद्र को लाँघ लेना कोई आश्चर्य की बात नहीं।
जब भगवती सीता माता की खोज में वानर दल एक-एक करके प्रभु का आशीर्वाद लेकर अपनी-अपनी निर्धारित दिशाओं में जाने लगे तो सबसे अंत में प्रभु श्री रामजी को प्रणाम करने प्रभु श्री हनुमानजी आए। गोस्वामी श्री तुलसीदासजी श्रीरामचरितमानसजी के किष्किंधाकाण्ड में लिखते हैं –
पाछें पवन तनय सिरु नावा। जानि काज प्रभु निकट बोलावा॥
परसा सीस सरोरुह पानी। करमुद्रिका दीन्हि जन जानी॥
कार्य का विचार करके प्रभु ने उन्हें अपने पास बुलाया। प्रेम से अपना करकमल उनके सिर पर फेरा तथा अपना सेवक जानकर उन्हें अपने हाथ की अँगूठी उतारकर दी और संदेश दिया कि बहुत प्रकार से भगवती सीता को समझाना और मेरा बल तथा विरह कहकर तुम शीघ्र लौट आना। जिस क्षण प्रभु ने उन्हें अपनी मुद्रिका दी उसी समय यह तय हो गया कि भगवती सीता माता की खोज प्रभु श्री हनुमानजी द्वारा ही होना है। हनुमत जन्म सुफल करि माना। चलेउ हृदयँ धरि कृपानिधाना॥
श्रीरामचरितमानसजी या श्रीमद्वाल्मिकीय रामायणजी में तो मुद्रिका कहाँ रखी इसका कोई उल्लेख नहीं है परन्तु श्री गीतावली में वर्णन आता है कि “गाल मेलि मुद्रिका, मुदित मन पवनपूत सिर नायो।”
प्रभु मुद्रिकाः “प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहीं” इस चौपाई के मर्म को समझने के लिए सर्वप्रथम प्रभु की मुद्रिका एवं उसके रहस्य को समझना जरूरी है। जब प्रभु श्री हनुमानजी लंका की अशोक वाटिका में भगवती सीता माता के पास पहुँचे तब माता को प्रभु के विरह में परम व्याकुल देखकर बहुत ही दुखी हुए। माता उस समय दुःख में अशोक वृक्ष से अग्नि मांगती हैं –
कपि करि हृदयँ बिचार दीन्हि मुद्रिका डारि तब।
जनु असोक अंगार दीन्ह हरषि उठि कर गहेउ॥
तब प्रभु श्री हनुमानजी ने हृदय में विचार कर माता के सामने अँगूठी डाल दी, मानो अशोक ने अंगारा दे दिया हो। प्रभु की मुद्रिका सोने की बनी हुई है, ऊपर से माणिक्य लगा है, इसी से गोस्वामीजी ने इसे अंगार की उपमा दी क्योंकि सोने के ऊपर माणिक्य होने से ललाई आ जाती है। माता ने अंगार के धोखे से तुरंत अँगूठी मुट्ठी में ले ली, लेकिन जब गर्म नहीं लगी तब मुट्ठी को खोलकर देखा।
तब देखी मुद्रिका मनोहर। राम नाम अंकित अति सुंदर॥
मुद्रिका मनोहर है क्योंकि यह श्री राम नाम से अंकित है और श्री राम नाम तो मनोहर है ही, यथा – “आखर मधुर मनोहर दोऊ”। मुद्रिका “राम नाम अंकित” है अर्थात यह प्रभु की मुद्रिका है क्योंकि जिसकी मुद्रिका है उसी की मुहर होती है। मुद्रिका अति सुंदर है अर्थात बनावट में सुंदर है लेकिन श्री राम नाम अंकित हो जाने से अति सुंदर है।
श्री हनुमन्नाटकम् में प्रभु की मुद्रिका कैसी है, इसका वर्णन आता है –
सुवर्णस्य सुवर्णस्य सुवर्णस्य च मैथिलि।
प्रेषितं रामचन्द्रेण सुवर्णस्यांगुलीयकम्॥
सुवर्णस्य (सुंदर वर्ण श्री रामनामाक्षर युक्त), सुवर्णस्य (दस माशे की), सुवर्णस्य (सोने से निर्मित) अर्थात हे माता! प्रभु श्री रामजी ने आपके लिए दस माशे की श्री रामनामाक्षर युक्त सोने से बनी यह अँगूठी भेजी है।
चकित चितव मुदरी पहिचानी। हरष बिषाद हृदयँ अकुलानी॥
अँगूठी को पहचानकर भगवती सीता माता आश्चर्यचकित होकर उसे देखने लगीं और हर्ष तथा विषाद से हृदय में अकुला उठीं। प्रभु की मुद्रिका मिलने का हर्ष हुआ और यहाँ लंका में कैसे आ गई इसे जानने के उद्योग में असमर्थ होने का विषाद हुआ।
यह मुद्रिका माता की पहचानी हुई है। विवाह के समय कोहबर में प्रभु श्री रामजी की छवि का दर्शन करते समय उनके मन को इसी मुद्रिका ने चुराया था, यथा – “पीत जनेउ महाछबि देई। कर मुद्रिका चोरि चितु लेई॥” अतः यह पहचानकर कि यह मुद्रिका श्री रघुनाथजी के हाथों की शोभा बढ़ाने वाला आभुषण है, उन्हें अपने प्राणपति से मिलने का सा सुख हुआ।
किसी-किसी के विचार में यह मुद्रिका भगवती सीता माता की ही है जो उन्होंने केवटजी को देने के लिए उतारी थी। उनका भाव है कि प्रभु श्री रामजी ने तपस्वी वेष के कारण आभूषणादि धारण नहीं किए थे, लेकिन अगर इसी कारण से मुद्रिका धारण नहीं की होती तो फिर भगवती सीता माता की मुद्रिका भी धारण नहीं करते। गोस्वामीजी के मत में यह मुद्रिका प्रभु श्री रामजी की ही है। श्री गीतावली में स्पष्ट वर्णन आता है –
हृदय हरष-बिषाद अति पति-मुद्रिका पहिचानि ।
दास तुलसी दसा सो केहि भाँति कहै बखानि ? ॥
श्री मानस-पीयूषजी में उपरोक्त समेत सोलह प्रमाण विभिन्न ग्रंथों, दोहों, चौपाइयों का उल्लेख करते हुए दिए गए हैं, जिनमें यह स्पष्ट है कि यह मुद्रिका प्रभु श्री रामजी की ही है। जिज्ञासु पाठक उन्हें वहाँ विस्तार से पढ़ सकते हैं। वस्तुतः धनुष, बाण, तरकश, तलवार, मुद्रिका आदि जो भी श्रीलीलाकार्य के लिए आवश्यक था, वह सब साथ था।
जीति को सकइ अजय रघुराई। माया तें असि रचि नहिं जाई॥
ऐश्वर्य में भगवती जानकी माता यह जानती हैं कि प्रभु श्री रामजी अजेय हैं, कोई भी कभी ईश्वर को नहीं जीत सकता। और माधुर्य में भी उन्होंने प्रभु का पराक्रम खर-दूषण के युद्ध में देखा है। तो एक तो श्री रघुनाथजी को जीतना संभव नहीं और ऊपर से यह भी जानती हैं कि इस मुद्रिका को माया से नहीं बनाया जा सकता क्योंकि ये सब माया से परे है।
माया तो सब इनकी माया के भीतर ही है, यथा – “माया सब सियमाया माहू॥” कहने का तात्पर्य यह है कि मायिक पदार्थ माता के मन को हर नहीं सकते और अगर यह मुद्रिका माता के मन को हर रही है तो सच्ची है। अगर मायावी होती तो माता के स्पर्श मात्र से नष्ट हो जाती।
वस्तुतः पूरी लड़ाई ही ईश्वरी माया और राक्षसी माया की ही है। अगर रावण को पता होता कि मैं मायाकृत सीता को हर लाया हूँ, वे वास्तविक नहीं है, तो वह युद्ध ही नहीं करता। वानरों को पता होता कि वास्तविक सीताहरण हुआ ही नहीं है, तो क्या वे भी युद्ध लड़ते।
यहाँ ईश्वरी माया जो स्वयं माता के अंदर ही है वह जानती है कि यह मुद्रिका राक्षसी माया के द्वारा नहीं बनाई जा सकती। क्योंकि यह मुद्रिका सामान्य नहीं दिव्य है, चेतन है, भगवान की पार्षद है, चिदानंदमय है। प्रभु के अवतारों में प्रभु के पार्षद ही आभूषणादि के रूप में अवतार लेकर आते हैं, जो ईश्वरी माया से भी परे हैं।
प्रभु की मुद्रिका बात भी करती है, सुनती भी है। श्री हनुमन्नाटकम् में भी एवं श्री गीतावली में भी भगवती जानकी माता की मुद्रिका से बातचीत पाई जाती है। जिससे स्पष्ट है कि मुद्रिका दिव्य एवं चिदानंदमय है।
मेलि मुख माहीः प्रभु की मुद्रिका को हमने विस्तार से समझा। फिर भी एक शंका मन में आ सकती है कि मुद्रिका को मुख में ही क्यों रखा, कहीं और भी तो रख सकते थे। वैसे ये प्रश्न उन्हीं के मन में आएगा जो मुद्रिका को दिव्य एवं चिदानंदमय न मानकर मात्र एक सामान्य अँगूठी समझते हैं। फिर भी इसका समाधान यह है कि प्रभु श्री हनुमानजी कोई सामान्य वानर नहीं हैं जो अज्ञानतावश ऐसा कर लें, वे ‘ज्ञानिनामग्रगण्यम्’ हैं, ‘बुद्धिमतांवरिष्ठम्’ हैं। मुद्रिका श्री रामनामाक्षर युक्त है और प्रभु श्री हनुमानजी भलीभाँति जानते हैं कि श्री राम नाम को रखने का सर्वोत्तम स्थान क्या है। गोस्वामी श्री तुलसीदासजी लिखते भी हैं कि –
राम नाम बिनु गिरा न सोहा। देखु बिचारि त्यागि मद मोहा॥
अर्थात श्री राम नाम के बिना वाणी कभी शोभा नहीं पाती। जिस प्रकार भगवती गंगा माँ के जल में अगर कोई अशुद्ध प्राणी स्नान करे तो भगवती गंगा माँ अपवित्र नहीं होती वरन् उनके जल के संपर्क में आकर वह जीव पवित्र हो जाता है उसी प्रकार मुख में रखने से मुद्रिका अपवित्र नहीं होती वरन् मुद्रिका के संपर्क में आने से वाणी पवित्र हो जाती है। गोस्वामी श्री तुलसीदासजी कहते हैं कि –
राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार।
तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर॥
अर्थात अगर हम अपने हृदय के भीतर और शरीर के बाहर दोनों तरफ भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का प्रकाश चाहते हैं, तो हमें अपनी जीभ रूपी देहरी पर 'राम-नाम' रूपी मणि के दीपक को रख लेना चाहिए। श्री राम नाम रूपी प्रकाश मोहरूपी अंधकार का जिव्हा रूपी देहरी पर ही नाश कर देता है। शांति स्वरूपा भगवती सीता माता की खोज केवल वही कर सकता है जिसके मुख में श्री राम नाम रूपी मुद्रिका हो।
जलधि लाँघि गये अचरज नाहींः मुद्रिका में श्री राम नाम अंकित है और प्रभु श्री हनुमानजी ने उसे मुख में रख लिया अर्थात श्री राम नाम को मुख में रख लिया इसलिए गोस्वामीजी लिखते हैं – “जलधि लाँघि गये अचरज नाहीं”। श्री राम नाम की महिमा तो जगतविदित है। प्रभु श्री महादेवजी सतत् श्री राम नाम का जप करते हैं एवं श्री काशीजी में देह त्याग करने वाले को स्वयं श्री राम नाम सुनाकर मुक्त कर देते हैं, यथा –
महादेव सतत जपत दिव्य राम-नाम।
कासि मरत मुक्त करत कहत राम-नाम॥
जिस श्री राम नाम के सहारे पूरे संसार सागर (भवसागर) को सहजता से पार किया जा सकता है तो प्रभु श्री हनुमानजी ने उसी श्री राम नाम को मुख में रखकर सौ योजन के सांसारिक सागर को खेल ही में पार कर लिया तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं, यथा –
कौतुक सिंधु नाघि तव लंका। आयउ कपि केहरी असंका॥
प्रभु श्री हनुमानजी ने मुद्रिका को मुख में रखकर सागर कैसे पार किया तो “बार-बार रघुबीर सँभारी” अर्थात बारंबार मन में श्री राम नाम का स्मरण करते हुए सागर पार किया। दिव्य एवं चिदानंदमय श्रीरामनामांकित मुद्रिका के रूप में प्रभु श्री रामजी की कृपा उनके साथ थी।
प्रभु श्री हनुमानजी ने समुद्र वैसे पार किया जैसे वे स्वयं ही श्रीरघुबर के अमोघ बाण हो, जिसका विफल हो जाना संभव ही नहीं था, यथा –
जिमि अमोघ रघुपति कर बाना। एही भाँति चलेउ हनुमाना॥
प्रभु श्री हनुमानजी जब लौट कर वापस आए तो प्रभु श्री रामजी ने उनसे कहा कि हनुमान! तुमने तो बड़ा कठिन काम किया, सागर को लाँघ दिया तब प्रभु श्री हनुमानजी ने उनके श्रीकमलचरण पकड़ लिए कि प्रभु मैं गया ही नहीं मुझे तो कोई और ले गया था।
कितना सुंदर दृश्य है कि सागर के इस पार देही है और उस पार वैदेही है, जो “मैं” यानी अभिमान को छोड़कर जाएगा वही पार जा पाएगा। प्रभु ने पूछा कि कौन ले गया था तो प्रभु श्री हनुमानजी ने कहा कि मुझे तो आपकी मुद्रिका उस पार ले गई थी, यथा – “लै मुदरी वा पार गई”। कितना सुंदर भाव है कि हम श्री राम नाम को पार लेकर नहीं जाते बल्कि श्री राम नाम ही हमें उस पार लेकर जाता है।
प्रभु ने कहा कि अच्छा तो फिर मुद्रिका तो तुम जानकी माता को दे आए तो फिर वापस लौटकर कैसे आए? प्रभु श्री हनुमानजी ने बड़ा सुंदर उत्तर दिया कि प्रभु जाने का साधन आपने दे दिया था आने का मैंने माता से मांग लिया, “मातु मोहि दीजे कछु चीन्हा।” माता ने कहा कि कैसा चिन्ह तो “जैसें रघुनायक मोहि दीन्हा॥” जैसा प्रभु ने दिया वैसा। “चूड़ामनि उतारि तब दयऊ।” माता ने अपना चूड़ामनि (शीशफूल / सिर पर धारण करने का एक आभूषण) उतार कर दिया उसी के सहारे मैं वापस आया हूँ।
प्रभु श्री हनुमानजी कहते हैं कि “सो सब तव प्रताप रघुराई। नाथ न कछू मोरि प्रभुताई॥” इतनी विनम्रता एवं दीनता प्रभु श्री हनुमानजी में है, वे अपने स्वयं का पुरुषार्थ कुछ नही मानते। प्रभु मुझे तो आपकी मुद्रिका अर्थात श्री राम नाम उस पार ले गया, इसमें मेरा कुछ भी प्रताप नहीं।
भगवान का नाम लेने वाला भवसागर से तर जाता है, तो प्रभु श्री हनुमानजी ने श्री राम नाम मुख में रखकर सौ योजन के समुद्र को पार कर लिया इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। इसलिए गोस्वामी श्री तुलसीदासजी लिखते हैं – प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहीं। जलधि लाँघि गये अचरज नाहीं॥